निर्माणाधीन भवन की छत ढलाई के दौरान गिरी, मजदूरों की हालत गंभीर
ग्वालियर के पदमा राजे शासकीय विद्यालय परिसर में निर्माणाधीन CM राइज स्कूल की छत ढलाई के दौरान भरभराकर गिर गई। इस हादसे में चार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें फौरन इलाज के लिए शासकीय अस्पताल ले जाया गया है, जहाँ उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद निर्माण स्थल पर हड़कंप मच गया और अफरातफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब मजदूर लंच के लिए गए हुए थे। गनीमत रही कि उस वक्त ज्यादा मजदूर छत पर मौजूद नहीं थे, अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था। इस निर्माणाधीन भवन का निर्माण कार्य पुलिस हाउसिंग बोर्ड द्वारा करवाया जा रहा था। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटना की जानकारी ली और मामले की जांच के आदेश दिए हैं। प्रशासन ने निर्माण की गुणवत्ता की भी जांच करने का निर्देश दिया है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके। हादसे में घायल हुए मजदूरों की पहचान हरीराम, राम झरोखा, राजेश बंसल और दिलेश्वर के रूप में हुई है। इन सभी को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस हादसे के बाद से निर्माण कार्य रोक दिया गया है।

