2028 सिंहस्थ से पहले काम पूरा हो
खलघाट-मनावर-मांगोद मार्ग को फोरलेन बनाने की परियोजना को 25 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक में मंजूरी मिली थी। करीब 3200 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली इस सड़क का काम मंजूरी के तीन महीने बाद भी शुरू नहीं हुआ है। इसे लेकर पूर्व भाजपा सांसद छतरसिंह दरबार ने मुख्यमंत्री से परियोजना का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि यह काम 2028 के उज्जैन सिंहस्थ से पहले पूरा हो जाना चाहिए। पूर्व सांसद छतरसिंह दरबार ने बताया कि खलघाट से मांगोद तक करीब 100 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। लंबे समय से क्षेत्र के जनप्रतिनिधि इस मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग कर रहे थे। इस परियोजना में मनावर बाईपास का निर्माण भी शामिल है। यह मार्ग गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र को जोड़ने वाले फोरलेन नेटवर्क से जुड़ेगा। इस सड़क के बनने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। साथ ही सड़क मार्ग की रणनीतिक महत्ता भी बढ़ेगी। यह मार्ग चार विधानसभा क्षेत्रों को सीधा लाभ पहुंचाएगा। पूर्व सांसद दरबार ने बताया कि मनावर क्षेत्र में दो बड़े सीमेंट उद्योग हैं। इन उद्योगों के कारण इस मार्ग पर प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन चलते हैं। यह सड़क मनावर को जिला मुख्यालय धार से जोड़ने वाली एक प्रमुख कड़ी भी है। फोरलेन बनने से मनावर, गंधवानी, सरदारपुर और धरमपुरी विधानसभा क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा। इन क्षेत्रों में विकास को गति मिलने की उम्मीद है। परियोजना का निर्माण मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) द्वारा किया जाएगा। विभाग के अनुसार निर्माण प्रक्रिया में छह महीने से अधिक का समय लग सकता है। पूर्व सांसद दरबार ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से चर्चा कर मांग की है कि परियोजना को 2028 के उज्जैन सिंहस्थ से पहले पूरा करा लिया जाए। इससे दूसरे राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। साथ ही ट्रैफिक जाम कम होने और उज्जैन की दूरी व यात्रा का समय घटने की उम्मीद है। पूर्व सांसद दरबार ने बताया कि 15 नवंबर को मुख्यमंत्री के जिले के ग्राम डही आगमन पर उन्हें इस संबंध में पत्र भी सौंपा जाएगा। मनावर में दो सीमेंट उद्योग होने से भारी वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। स्टेट हाईवे क्रमांक 37 और 38 नगर के बीच से गांधी चौराहे होकर गुजरते हैं। यहां से रोजाना सीमेंट से भरे ट्रक, ट्रेलर, भारी मशीनरी वाहन और अन्य मालवाहक वाहन निकलते हैं।

