पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के 80वें जन्मदिन के बहाने 14 नवंबर को भोपाल में समर्थकों का जमावड़ा होगा। यह आयोजन महज दीपावली मिलन तक सीमित नहीं है, इसके गहरे राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। लोकसभा चुनाव में छिंदवाड़ा की परंपरागत सीट गंवाने के बाद नकुल नाथ को दोबारा सक्रिय करने की यह एक कोशिश मानी जा रही है। चार दशक से सक्रिय कमलनाथ के सामने अपनी विरासत आगे बढ़ाने की चुनौती है। प्रदेश कांग्रेस में अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में नए समीकरण बन चुके हैं। ऐसे में कमलनाथ समर्थकों का एक मंच पर जुटना अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराने की कवायद है। छिंदवाड़ा लंबे समय तक कमलनाथ परिवार का मजबूत राजनीतिक गढ़ रहा है। कमलनाथ नौ बार इस सीट से सांसद चुने गए थे। 2019 में यह सीट उनके बेटे नकुल नाथ को सौंपी गई और नकुल नाथ सांसद बने। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने इस पारंपरिक गढ़ में सेंध लगा दी।
समाचार
कमलनाथ के जन्मदिन पर भोपाल में शक्ति प्रदर्शन, नकुल नाथ की सक्रियता पर जोर
11 नवंबर 2026 को 11:04 pm बजे
