वे 83 साल के थे और 1970 बैच के आईएएस अधिकारी थे। उन्होंने मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव के तौर पर मार्च 2002 से जनवरी 2004 तक कार्यभार संभाला था। उनका अंतिम संस्कार आज भोपाल में किया जाएगा
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव आदित्य विजय सिंह यानि एवी सिंह का बुधवार को निधन हो गया। वे 83 साल के थे। उनके निधन की खबर से भोपाल के प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। उनका अंतिम संस्कार आज ही किया जाएगा। एवी सिंह एक अत्यंत प्रभावशाली अधिकारी के रूप में जाने जाते थे। उनकी प्रशासनिक क्षमताएं इतनी मजबूत थीं कि राज्य के कई वरिष्ठ नेता भी उनसे सीधे मिलने से कतराते थे। पूर्व मुख्य सचिव एवी सिंह से जुड़े ऐसे कई किस्से आज भी मशहूर हैं। सेवानिवृत्ति के बाद भी उनके तेवर में कोई कमी नहीं आई थी। 4 साल पहले एवी सिंह वन विभाग से जुड़े एक मामले में सरकार के खिलाफ खड़े हो गए थे। पूर्व मुख्य सचिव आदित्य विजय (एवी) सिंह 1970 बैच के मध्य प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी थे। उन्होंने प्रदेश में रहते हुए कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दीं। 22 अक्टूबर 1943 को जन्मे एवी सिंह मार्च 2002 से जनवरी 2004 तक मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव के पद पर रहे। उन्होंने भोपाल और ग्वालियर जैसे जिलों में कलेक्टर के तौर पर भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई थी। सेवानिवृत्ति के बाद एवी सिंह को राज्य निर्वाचन आयुक्त के पद पर नियुक्त किया गया था। उनके मुख्य सचिव रहते हुए ही दिसंबर 2003 में उमा भारती ने बीजेपी सरकार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। एवी सिंह के निधन से प्रदेश के प्रशासनिक जगत में गहरा शोक व्याप्त है। उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर 3 बजे भोपाल में ही संपन्न होगा। पुत्र धनंजय विजय सिंह के अनुसार, सुभाष नगर विश्राम घाट के विद्युत शवदाह गृह में अंतिम क्रियाएं की जाएंगी। आदित्य विजय (एवी) सिंह को एक अत्यंत सख्त मिजाज अधिकारी माना जाता था। यहां तक कि सेवानिवृत्ति के बाद भी उनकी सरकार से अनबन हो गई थी। 2022 में कोलार डैम के पास स्थित रातापानी जंगल लाज के मामले में उन्होंने वन विभाग पर उन्हें परेशान करने का आरोप लगाया था।

