कार की रफ्तार 100 किमी प्रति घंटा थी, बच्चे के आर-पार निकला लोहे का पतरा
मध्य प्रदेश के रतलाम में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। दिल्ली-मुंबई लेन एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। रेलिंग का लोहे का हिस्सा कार के अंदर घुस गया और बच्चे के शरीर को चीरते हुए दूसरी तरफ निकल गया। इस हादसे में 13 साल के बेटे और 6 साल की बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। उनके माता-पिता भी इस हादसे में घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जावरा अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। कार गुजरात नंबर की थी और इसमें सवार परिवार गुजरात के बड़ौदा से उत्तर प्रदेश के उन्नाव जा रहा था। यह हादसा जावरा के बड़ायला चौराहे के पास हुआ। उस समय कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर रेलिंग से टकराती और घिसटते हुए आगे बढ़ती दिखाई दे रही है। इसी दौरान रेलिंग का टूटा हुआ लोहे का हिस्सा कार के अंदर घुस जाता है। हादसे के बाद आसपास के लोग मदद के लिए तुरंत मौके पर पहुंच गए। मृतक बच्चों की पहचान 6 साल की बेटी विधि वर्मा और 13 साल के बेटे सागर वर्मा के रूप में हुई है। उनके पिता राजाबाबू वर्मा गुजरात के हारौल में एक फार्मा कंपनी में डिप्टी मैनेजर हैं। वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के उन्नाव के रहने वाले हैं। हादसे में उनकी पत्नी रिशु वर्मा (42) भी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पिता राजाबाबू वर्मा ने बताया कि वे गुजरात के हारोल में रहते हैं। बुधवार सुबह 4:30 बजे परिवार के साथ अपने गांव जाने के लिए निकले थे। कार वे खुद चला रहे थे और उसकी रफ्तार करीब 100 किमी प्रति घंटे थी। बेटा सागर आगे की सीट पर बैठा था, जबकि पत्नी और बेटी पीछे बैठी थीं।
