मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद थाने पहुंचने के बाद भी नहीं थमा, लौटते ही शुरू हुआ पथराव
बैतूल के गंज थाना क्षेत्र में शरद पूर्णिमा की रात एक बड़ी घटना सामने आई। संजय कॉलोनी में एक कार्यक्रम के दौरान पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में कहासुनी शुरू हुई। यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष थाने पहुंच गए और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस से शिकायत के बाद दोनों पक्ष जब थाने से लौटकर घर आए, तो मामला शांत नहीं हुआ। इसके बजाय, थाने से लौटते ही दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। गाली-गलौज के बाद दोनों तरफ से जमकर पथराव शुरू हो गया, जिसका वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दर्जनों लोग सड़क पर खड़े होकर एक-दूसरे पर पत्थर बरसाते दिख रहे हैं। रात के समय हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और स्थानीय लोगों ने अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए। इस पथराव में करीब आधा दर्जन लोगों को मामूली चोटें आईं। सभी घायलों का जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया। सूचना मिलते ही गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

