जनता क्वार्टर खाली कराने के बाद किराए में भारी बढ़ोतरी से महिला परेशान
भोपाल के ऐशबाग में जर्जर जनता क्वार्टर को तोड़ने के विरोध प्रदर्शनों के बाद लोग परेशान हैं। इसी हताशा में एक महिला ने फांसी लगाने का प्रयास किया। जनता क्वार्टर में बनी एक मकान में रहने वाली आमना बी नामक महिला ने यह कदम उठाया। उसने घर का मुख्य द्वार बंद कर घरेलू सामान से गेट अड़ा दिया था। आसपास के लोगों ने जैसे-तैसे महिला को फंदे से नीचे उतारा। सूचना मिलने पर ऐशबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला को समझाइश दी। पुलिस के सामने महिला फूट-फूट कर रोई। उसने बताया कि क्वार्टर खाली करने के बाद वह कहां जाएगी। जनता क्वार्टर टूटने की सूचना के बाद आसपास के मकान मालिकों ने किराए के कमरों के दाम बढ़ा दिए हैं। जहां पहले 3 हजार रुपए का रूम मिलता था, अब उसके 5 हजार रुपए वसूले जा रहे हैं। महिला ने बताया कि वह मजदूरी कर गुजारा करती है। इतने महंगे कमरे लेना उसकी क्षमता से बाहर है। वहीं दूसरी ओर, इलाके के निवासियों ने प्रशासन से कुछ समय की मोहलत मांगी है। मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड ने 13 नवंबर तक सामान खाली करने का समय दिया था। 14 नवंबर से जनता क्वार्टर तोड़ने की कार्रवाई शुरू होनी है।

