आरोप है कि दीपावली की रात कई शहरों में मॉनिटरिंग स्टेशन बंद रखे गए
जांच की मांग
नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच ने दीपावली की रात वायु प्रदूषण के आंकड़े छिपाने का आरोप लगाया है। मंच ने प्रदेश के मुख्य सचिव को शिकायत भेजकर मामले की जांच की मांग की है। आरोप है कि आतिशबाजी से बढ़े प्रदूषण की वास्तविक तस्वीर सामने नहीं आ सकी। जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग भी की गई है। मंच के अनुसार, दीपावली की रात रात 11 बजे से प्रदेश के कई निगरानी केंद्रों पर पीएम-10 और पीएम-2.5 की मॉनिटरिंग बंद कर दी गई थी। यह तब हुआ जब आतिशबाजी के कारण वायु प्रदूषण का स्तर सामान्य दिनों की तुलना में काफी बढ़ जाता है। विशेष रूप से पीएम-2.5 के सूक्ष्म कण स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक माने जाते हैं। ऐसे संवेदनशील समय में मॉनिटरिंग बंद होना व्यवस्था की पारदर्शिता पर सवाल खड़े करता है। शिकायत में बताया गया है कि दीपावली की रात भोपाल कलेक्ट्रेट और पर्यावरण परिसर के मॉनिटरिंग स्टेशन बंद थे। पीथमपुर, ग्वालियर, फूलबाग और इंदौर रीजनल पार्क के निगरानी केंद्र भी बंद पाए गए। भोपाल के टीटी नगर और ग्वालियर के महाराज बाड़ा में भी रीडिंग बंद रही। छोटी ग्वालटोली क्षेत्र में पीएम-2.5 का स्तर 850 से ऊपर पहुंचने के बाद रीडिंग बंद कर दिए जाने का आरोप है। जबलपुर में भी इसी तरह की स्थिति सामने आई। नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच ने अपनी शिकायत में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के 12 मई 2026 के आदेश का हवाला दिया है। इस आदेश के तहत जबलपुर, ग्वालियर, भोपाल और इंदौर के कलेक्टरों को वायु गुणवत्ता की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। मंच का आरोप है कि इन निर्देशों का पालन नहीं किया गया। मंच का आरोप है कि एनजीटी के आदेश की भावना के विपरीत महत्वपूर्ण अवसर पर निगरानी व्यवस्था बंद रही। इससे प्रदूषण के वास्तविक आंकड़े उपलब्ध नहीं हो सके।
