मध्य प्रदेश में अब तक 35.6 इंच बारिश हो चुकी है
जबलपुर में लगातार हो रही बारिश से नदियों और डैमों का जलस्तर बढ़ गया है। बरगी बांध में पानी की आवक को नियंत्रित करने के लिए शुक्रवार को पांच गेट खोले गए। इसके बाद भी पानी की आवक जारी रही, जिससे शनिवार को चार और गेट खोले गए। इस दौरान उमरिया के संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र के जोहिला डैम के चार गेट भी दो-दो मीटर खोलकर पानी छोड़ा गया। जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे 45 पर जोगी टिकरिया पुल डूबने से ट्रैफिक प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने रविवार को मुरैना, भिंड, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक ने बताया कि मानसून की विदाई में अब केवल 4 दिन बचे हैं। पूर्वी हिस्से में गहरे अवदाब के कारण भारी बारिश का दौर जारी है। अगले 13 घंटे तक यह बारिश जारी रहने की संभावना है, जिसके बाद मौसम साफ हो जाएगा। मध्य प्रदेश में अब तक औसतन 35.6 इंच बारिश हो चुकी है, जो सामान्य कोटे की 95.4 प्रतिशत है।

