भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा द्वारा किसानों को लेकर की गई विवादित टिप्पणी के विरोध में मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने सांसद के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो किसान कांग्रेस प्रदेशव्यापी आंदोलन तेज करेगी। धर्मेंद्र सिंह चौहान ने भोपाल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेस में कहा कि बीजेपी सांसद द्वारा अन्नदाता किसानों को नशेड़ी, गांजा पीने वाला और चिलम फूंकने वाला बताना बेहद शर्मनाक है। यह टिप्पणी देश के करोड़ों किसानों के सम्मान और स्वाभिमान पर चोट है। किसान कांग्रेस इस तरह के अपमान को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने भाजपा पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार किसान कल्याण वर्ष मनाकर किसानों के सम्मान की बात करती है। वहीं दूसरी ओर पार्टी के सांसद सार्वजनिक रूप से किसानों के लिए अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे भाजपा की किसान हितैषी होने की छवि की वास्तविकता सामने आ रही है। किसान भीषण गर्मी, कड़ाके की ठंड और बारिश की परवाह किए बिना खेतों में मेहनत करता है और पूरे देश का पेट भरता है। किसान का बेटा देश की सीमाओं पर तैनात होकर मातृभूमि की रक्षा करता है। ऐसे अन्नदाताओं के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करना दुर्भाग्यपूर्ण है। किसान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण किसान पहले से ही आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। महंगी खाद, बीज, डीजल और बिजली के साथ खेती की बढ़ती लागत ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। फसलों का उचित मूल्य नहीं मिलने से छोटे और सीमांत किसानों के सामने संकट खड़ा हो रहा है। किसान कांग्रेस सांसद जनार्दन मिश्रा के खिलाफ प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन कर रही है।
समाचार
किसान कांग्रेस काबीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा पर एफआईआर की मांग, प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
11 नवंबर 2026 को 11:04 pm बजे

किसान कांग्रेस काबीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा पर एफआईआर की मांग, प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
साझा करेंWhatsApp
