दो दिन से संपर्क नहीं होने पर पुलिस को सूचना मिली
मध्य प्रदेश पुलिस में पदस्थ प्रधान आरक्षक सुरेश चौधरी (56) की मंगलवार देर रात जबलपुर सरकारी आवास में संदिग्ध मौत हो गई। वे रांझी थाने में तैनात थे। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में उनका सरकारी आवास है। दो दिन पहले परिवार वाले रिश्तेदारी में गए थे। इस दौरान वह घर पर अकेले थे। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। शुरुआती जांच में पुलिस मौत को संदिग्ध मान रही है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह सामने आएगी। सिविल लाइन थाना पुलिस का कहना है कि मौत की जांच की जा रही है। इसके साथ ही परिवार वालों से भी पूछताछ की जा रही है। मंगलवार रात पुलिस को सूचना मिली थी कि सुरेश चौधरी सुबह से घर के अंदर हैं। पड़ोस में रहने वाले साथी पुलिसकर्मी ने रात को दरवाजा खटखटाया। लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और परिजनों को सूचना दी गई। मंगलवार रात पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाया। सुरेश चौधरी पलंग पर पड़े हुए थे। पुलिस की शुरुआती जांच में पड़ोसियों ने बताया कि सुरेश चौधरी कुछ दिनों से परेशान थे। इसकी वजह पारिवारिक विवाद बताई जा रही है। हालांकि, मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। देर रात तक मृतक के परिजन भी जबलपुर पहुंच गए थे। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि सुरेश चौधरी दो दिन से संपर्क में नहीं थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

