स्वदेशी वस्तुओं की खरीद से छोटे उद्यमियों को मिलता है प्रोत्साहन: हेमंत खंडेलवाल
भोपाल में स्वदेशी वस्तुओं की खरीद से छोटे उद्यमियों को सीधा प्रोत्साहन मिलता है। यह बात स्वदेशी मेले के तीसरे दिन मुख्य अतिथि और भाजपा के मध्य प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कही। शासकीय मोतीलाल विज्ञान महाविद्यालय परिसर में स्वदेशी जागरण मंच और स्वर्णिम भारतवर्ष फाउंडेशन की ओर से 24 अक्टूबर से 4 नवंबर तक आयोजित इस मेले का मुख्य उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना है। मेले में देश में बने उत्पादों के विभिन्न स्टॉल लगाए गए हैं, जो स्थानीय उद्यमियों और शिल्पकारों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं। खंडेलवाल ने स्वदेशी उत्पादों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि जब हम स्वदेशी उत्पाद खरीदते हैं, तो हम उस उत्पाद को बनाने में लगे लोगों के श्रम और उद्यम को आगे बढ़ने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि लगभग एक हजार वर्ष पहले, विश्व के निर्यात में भारत की हिस्सेदारी करीब 30 प्रतिशत थी। हालांकि, बाद में मुगलों और अंग्रेजों के शासनकाल में देश की संपत्ति को लूटा गया, जिससे अर्थव्यवस्था पर गहरा प्रभाव पड़ा।

