मध्य प्रदेश विधानसभा में शीतकालीन सत्र से नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन (नेवा) व्यवस्था लागू हो जाएगी। यह व्यवस्था पूरी कार्यवाही को पेपरलेस बनाने की तैयारी का हिस्सा है। विधायकों को अब सवाल पूछने के लिए सचिवालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। विधायक अपने टैबलेट पर नेवा ऐप या आधिकारिक पोर्टल पर लॉग इन कर सकेंगे। वे तारांकित, अतारांकित प्रश्न, शून्यकाल, ध्यानाकर्षण, स्थगन प्रस्ताव, अशासकीय संकल्प और याचिकाएं ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। सवाल को ड्राफ्ट के रूप में सुरक्षित रखने और भेजने से पहले संशोधन की सुविधा भी मिलेगी। सवाल भेजते ही उसकी डिजिटल एंट्री होगी और ऑनलाइन डायरी नंबर भी मिल जाएगा। विधायक अपने सवालों की स्थिति जान सकेंगे कि वे मंजूर हुए, खारिज हुए या अभी विचाराधीन हैं। सवाल की शुरुआत से लेकर जवाब मिलने तक हर चरण का रिकॉर्ड टैबलेट पर उपलब्ध रहेगा। नई व्यवस्था में सवाल और नोटिस भेजने की निर्धारित सीमा भी डिजिटल डैशबोर्ड पर दिखाई देगी। विधायक इस्तेमाल किए गए और बाकी नोटिस की संख्या देख सकेंगे। निर्धारित सीमा पूरी होते ही सिस्टम अतिरिक्त नोटिस स्वीकार नहीं करेगा। इससे नियमों के पालन की स्वतः निगरानी होगी। सरकारी विभागों के नोडल अधिकारियों को भी सवालों के जवाब ऑनलाइन अपलोड करने होंगे। इससे विधानसभा सचिवालय और विभागों के बीच कागजी फाइलों की आवाजाही घटेगी। जवाब भेजने और उसकी स्थिति जानने की प्रक्रिया भी ऑनलाइन होगी। 16वीं विधानसभा का 12वां शीतकालीन सत्र 7 दिसंबर से शुरू होकर 11 दिसंबर तक चलेगा। यह पांच दिवसीय सत्र बिना अवकाश के होगा। सरकार इस दौरान दूसरा अनुपूरक बजट और महत्वपूर्ण विधेयक पेश करेगी। सत्र के पहले चार दिन प्रश्नोत्तर और शासकीय कार्य होंगे। अंतिम दिन दोपहर 1.30 बजे के बाद अशासकीय कार्य लिए जाएंगे।
समाचार
विधानसभा में नेवा व्यवस्था लागू
11 नवंबर 2026 को 11:04 pm बजे
