बसों का संचालन नियमित अंतराल पर होगा
उज्जैन में 27 सितंबर को मुख्यमंत्री मोहन यादव ने महाकाल लोक के अन्नक्षेत्र पार्किंग परिसर में पीएम ई-बस सेवा एवं उज्जैन दर्शन सेवा का शुभारंभ किया। इस सेवा का उद्देश्य प्रदेशवासियों का सफर सुगम बनाना है। यह बसें श्रद्धालुओं, पर्यटकों और नगरवासियों को प्रमुख धार्मिक और दर्शनीय स्थलों तक पहुंचाने का माध्यम बनेंगी। मुख्यमंत्री यादव ने इस अवसर पर बसों को झंडी दिखाकर रवाना किया और कहा कि मैं भगवान महाकालेश्वर को प्रणाम करता हूं। यह सेवा मेघदूत वन पार्किंग से प्रारंभ होकर प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ते हुए उज्जैन रेलवे स्टेशन तक कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। उज्जैन दर्शन मार्ग की कुल लंबाई 27.01 किलोमीटर है और यह मार्ग महाकाल लोक, हरसिद्धि मंदिर, क्षिप्रा नदी, ऋणमुक्तेश्वर महादेव, और कई अन्य प्रमुख स्थलों को जोड़ता है। यात्रियों के लिए बसों का संचालन नियमित अंतराल पर किया जाएगा और प्रत्येक प्रमुख स्थल पर दर्शन के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध रहेगा। बसों का शुल्क ₹200 मात्र होगा और यात्री यूपीआई के माध्यम से भुगतान कर सकेंगे। यह बसें पूर्ण रूप से जीरो एमिशन होंगी, जिससे पॉल्यूशन नहीं होगा। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए बसों की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी।

