दमोह जिले के हिंडोरिया थाना क्षेत्र के भदौली गांव में रविवार रात एक 55 वर्षीय महिला फूल पटेल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि गांव के एक झोलाछाप डॉक्टर ने सर्दी-जुकाम का इलाज करने के दौरान गलत इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई। तबीयत बिगड़ने पर जब परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, तो डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवा दिया है, ताकि मौत के असली कारणों का पता लगाया जा सके। जानकारी के अनुसार, फूल पटेल को सर्दी-जुकाम की शिकायत थी। रविवार को वह गांव के ही गोलू पटेल नामक झोलाछाप डॉक्टर के पास इलाज के लिए गईं। परिजनों का कहना है कि डॉक्टर ने उन्हें कुछ दवाइयां देने के साथ ही एक इंजेक्शन भी लगाया। घर लौटने के कुछ देर बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और हालत नाजुक हो गई। तबीयत ज्यादा बिगड़ता देख परिजन उन्हें दोबारा उसी झोलाछाप डॉक्टर के पास ले गए। परिजनों के मुताबिक, डॉक्टर ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद आनन-फानन में परिजन महिला को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जिला अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने महिला फूल पटेल की जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिजनों में हड़कंप मच गया और उन्होंने झोलाछाप डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया है। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। परिजनों ने इस मामले में गांव के झोलाछाप डॉक्टर गोलू पटेल के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
समाचार
दमोह: झोलाछाप के इंजेक्शन से महिला की मौत
26 अक्टूबर 2026 को 11:48 pm बजे
दमोह: झोलाछाप के इंजेक्शन से महिला की मौत
