महाकवि कालिदास की नगरी उज्जैन साहित्य, संगीत और संस्कृति के रंगों में एक बार फिर रंगेगी। 21 से 27 नवंबर तक आयोजित होने वाले अखिल भारतीय कालिदास समारोह में देशभर के विद्वान, कलाकार, शोधकर्ता और विद्यार्थी जुटेंगे। सात दिन तक चलने वाले इस आयोजन में कालिदास के साहित्य और दर्शन पर राष्ट्रीय स्तर की शोध संगोष्ठी होगी। इस बार पहली बार विभिन्न राज्यों के नृत्य दलों के बीच प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। मध्य प्रदेश शासन के तत्वावधान में सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय और कालिदास संस्कृत अकादमी की ओर से आयोजित समारोह में राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी के चार सत्र होंगे। इसमें 12 से अधिक राज्यों के प्राध्यापक और शोधकर्ता कालिदास के साहित्य, दर्शन, कला और सौंदर्यबोध से जुड़े विषयों पर शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे। संगोष्ठी में कालिदास की रचनाओं के प्रामाणिक पाठ और उनकी ऐतिहासिकता पर भी चर्चा होगी। कालिदास के साहित्य का अध्ययन साहित्यिक दृष्टिकोण से ही नहीं, बल्कि समाजविज्ञान, मनोविज्ञान, अर्थशास्त्र, वास्तुकला, पुरातत्व, पर्यावरण और इतिहास के नजरिए से भी किया जाएगा। राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी के पहले तीन सत्र 22, 23 और 24 नवंबर को दोपहर 2 बजे से आयोजित होंगे। चौथा सत्र 25 नवंबर को सुबह 10 बजे शुरू होगा। विक्रम कालिदास पुरस्कार 2026 के लिए गुणवत्तापूर्ण शोधपत्र आमंत्रित किए गए हैं। विक्रम कालिदास पुरस्कार के लिए चयनित शोधपत्रों का एक विशेष सत्र भी आयोजित किया जाएगा। समारोह के दौरान संस्कृत और हिंदी में वाद- विवाद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। युवा प्रतिभागियों को कालिदास के साहित्य और भारतीय ज्ञान परंपरा पर अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा। 25 नवंबर को 'कालिदास के काव्य में भारतीय ज्ञान परंपरा का संरक्षण' विषय पर अखिल भारतीय अंतरविश्वविद्यालयीन संस्कृत वाद-विवाद प्रतियोगिता होगी। 26 नवंबर को सुबह 10 बजे राज्य स्तरीय कालिदास काव्यपाठ प्रतियोगिता में मेघदूतम् के श्लोकों का पाठ किया जाएगा। इस बार समारोह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों को विशेष रूप से भव्य बनाने की तैयारी है। प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पद्मश्री अजय चक्रवर्ती की प्रस्तुति के लिए आयोजकों की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। उनके कार्यक्रम में 'जब जिद पे आ गई पार्वती' की प्रस्तुति भी सुनने को मिल सकती है। फिल्म 'हनुमान अंश' के लोकप्रिय गीत से पहचान बनाने वाले साधु तिवारी से भी संपर्क किया गया है। समारोह के उद्घाटन के लिए आयोजक उपराष्ट्रपति या लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला में से किसी एक को आमंत्रित करना चाहते हैं। संस्कृति विभाग ने विभिन्न राज्यों के नृत्य दलों के बीच प्रतियोगिता के आयोजन के लिए सहमति दे दी है।
समाचार
कालिदास समारोह: 21 से 27 नवंबर तक उज्जैन में साहित्य, संगीत और नृत्य का संगम
11 नवंबर 2026 को 11:04 pm बजे

कालिदास समारोह: 21 से 27 नवंबर तक उज्जैन में साहित्य, संगीत और नृत्य का संगम
