शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। पठान ढाबे के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में 42 वर्षीय अशोक परिहार की मौत हो गई। दुर्घटना में दूसरी बाइक पर सवार चालक और एक महिला घायल हो गए। अशोक को सरकारी अस्पताल कोलारस ले जाया गया था। डॉक्टरों ने जांच के बाद अशोक को मृत घोषित कर दिया। ग्राम टीला खुर्द निवासी अशोक ट्रक चलाता था। बुधवार दोपहर वह ट्रक पर जाने के लिए टीवीएस स्पोर्ट बाइक से कोलारस आया था। उसका भाई इंदल परिहार और चचेरा भाई महेंद्र सिंह परिहार भी दूसरी बाइक से उसके साथ थे। दोनों भाई पठान ढाबे के पास रुक गए, जबकि अशोक पेट्रोल भरवाने के लिए जियो पेट्रोल पंप चला गया। पेट्रोल भरवाने के बाद अशोक सड़क किनारे से लौट रहा था। इसी दौरान कोलारस से शिवपुरी जा रही दूसरी बाइक के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए अशोक की बाइक को टक्कर मार दी। दोनों बाइकों पर सवार तीनों लोग सड़क पर गिर गए, जिससे अशोक के सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
समाचार
कोलारस में 2 बाइकों की भिड़ंत, चालक अशोक की मौत
11 नवंबर 2026 को 11:04 pm बजे

कोलारस में 2 बाइकों की भिड़ंत, चालक अशोक की मौत
