भोपाल के यूबी सिटी कॉलोनी में बुधवार दोपहर आवारा कुत्तों ने दो लोगों को अपना शिकार बनाया। 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला थॉमस और 40 वर्षीय बिजनेसमैन अभय परिहार को कुत्तों ने बुरी तरह काट लिया। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के वीडियो फुटेज भी सामने आए हैं। सीसीटीवी फुटेज में आवारा कुत्ते अभय परिहार पर हमला करते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। अभय परिहार पेशे से एक बिजनेसमैन हैं और हमले में उनके पैर बुरी तरह जख्मी हो गए हैं। उन्हें इलाज के लिए अपोलो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। यह घटना कॉलोनी के लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। वहीं, दूसरी घटना में 70 वर्षीय महिला थॉमस को भी कुत्तों ने अपना शिकार बनाया। उन्हें कोलार हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। थॉमस के पैर भी हमले में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। आवारा कुत्तों के इस बढ़ते आतंक से कॉलोनीवासी खौफजदा हैं। यूबी सिटी कॉलोनी के निवासी आलोक रघुवंशी ने बताया कि यह कॉलोनी ग्राम पंचायत और नगर निगम के बीच अटकी हुई है। रहवासी जब कुत्तों को पकड़ने के लिए नगर निगम से संपर्क करते हैं, तो वे मदद करने से मना कर देते हैं। इससे समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। दूसरी ओर, पंचायत को शिकायत करने पर वहां से भी जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया जाता है। इस वजह से आवारा कुत्तों की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। रहवासियों ने कई बार संबंधित विभागों से इस समस्या के समाधान की गुहार लगाई है। आवारा कुत्तों के आतंक से परेशान कॉलोनीवासियों ने प्रशासन को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा होती हैं, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम और ग्राम पंचायत की होगी। लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। रहवासियों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने और इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए तुरंत कदम उठाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि यह समस्या उनके जीवन के लिए खतरा बन गई है। आगे की कार्रवाई के लिए वे आंदोलन करने को भी तैयार हैं।
समाचार
भोपाल: आवारा कुत्तों ने 2 लोगों को काटा, बिजनेसमैन और बुजुर्ग महिला घायल
11 नवंबर 2026 को 11:04 pm बजे

भोपाल: आवारा कुत्तों ने 2 लोगों को काटा, बिजनेसमैन और बुजुर्ग महिला घायल
