भोपाल में एशियन वूमेंस हॉकी ट्रॉफी का शुभारंभ
सहकारिता, खेल और युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने बुधवार को भोपाल में एशियन वूमेंस हॉकी चैम्पियन्स ट्रॉफी 2026 के आधिकारिक लोगो और ट्रॉफी अनावरण के साथ ट्रॉफी टूर का शुभारंभ किया। मध्य प्रदेश के लिए यह गौरव का विषय है कि राजधानी भोपाल पहली बार इस प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय महिला हॉकी प्रतियोगिता की मेजबानी कर रही है। एशियन हॉकी फेडरेशन और हॉकी इंडिया के सहयोग से 19 से 28 नवंबर 2026 तक अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, बरखेड़ा नाथू, भोपाल में प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। लगभग 5 हजार दर्शकों की क्षमता वाले अत्याधुनिक हॉकी स्टेडियम में दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा। विश्व रैंकिंग की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के आयोजन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया की गरिमामयी उपस्थिति में प्रतियोगिता का शुभारंभ और खेल परिसर के प्रथम चरण का लोकार्पण होगा। प्रतियोगिता में एशिया की 6 शीर्ष महिला हॉकी टीमें, जिनमें भारत, जापान, चीन, मलेशिया, कोरिया और थाईलैंड की लगभग 150 खिलाड़ी शामिल हैं, अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी। मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल अधोसंरचना के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के अभूतपूर्व प्रयास किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश भी खेलों के क्षेत्र में तेजी से अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर रहा है। भोपाल में इस अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन प्रदेश की खेल क्षमताओं का प्रमाण है। 19 नवंबर को भारत और मलेशिया के बीच प्रतियोगिता का पहला मुकाबला खेला जाएगा।
