पीड़ित परिवार हत्या का मामला दर्ज करने और मुआवजे की मांग कर रहे हैं
उज्जैन के होटल श्रीगंगा में चार कर्मचारियों की जहरीली गैस से मौत के मामले में 10 दिन बीत जाने के बाद भी जांच ठप पड़ी है। हादसे के जिम्मेदार लोग खुलेआम घूम रहे हैं और पुलिसिया कार्रवाई कागजों तक सीमित है। माधव नगर थाना पुलिस ने होटल प्रबंधन को नोटिस भेजकर अहम दस्तावेज मांगे हैं। हालांकि, एसएमबी होटल एंड रिसोर्ट कंपनी जांच में सहयोग नहीं कर रही है। जांच के दौरान पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज ने होटल प्रबंधन की लापरवाही को उजागर किया है। फुटेज से साफ है कि कर्मचारियों को बिना सुरक्षा उपकरण के जहरीली गैस से भरे चैंबर में उतारा गया था। सफाई से पहले गैस का परीक्षण या आपातकालीन बचाव के कोई इंतजाम नहीं थे। इसी लापरवाही को मौतों की मुख्य वजह मानते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 (1) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने प्रबंधन से चार प्रमुख बिंदुओं पर दस्तावेज और स्पष्टीकरण मांगा था। पुलिस ने होटल के मुख्य पदाधिकारियों की सूची, वेस्ट चैंबर की सफाई के लिए अधिकृत अधिकारी का नाम, सफाई की समय-सारणी और एसओपी मांगी थी। इसके अलावा सुरक्षा उपकरणों के प्रावधान और कर्मचारियों की नियुक्ति से जुड़े रिकॉर्ड भी मांगे गए थे। तमाम नोटिसों के बावजूद प्रबंधन ने अब तक एक भी दस्तावेज पुलिस को नहीं सौंपा है। सवाल उठ रहा है कि आखिर प्रबंधन किसे बचाने के लिए जानकारी छिपा रहा है। माधव नगर थाना प्रभारी गजेंद्र पचौरिया के अनुसार, रिकॉर्ड मिलते ही श्रम विभाग और नगर निगम के दस्तावेजों का मिलान किया जाएगा। मानकों का उल्लंघन करने वाले हर जिम्मेदार व्यक्ति पर कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवारों के बयान दर्ज कर यह साफ किया जाएगा कि कर्मचारियों को टैंक में उतरने का निर्देश किसने दिया था।
