मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महू के ग्राम आशापुरा में करीब 27 एकड़ क्षेत्र में विकसित कामधेनु गौशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश अब केवल गोवंश संरक्षण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि दूध उत्पादन के क्षेत्र में भी देश में नंबर वन बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा। फिलहाल प्रदेश दुग्ध उत्पादन में तीसरे स्थान पर है, लेकिन सरकार का लक्ष्य उत्पादन क्षमता बढ़ाकर किसानों की आमदनी में इजाफा करना है। लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस गौशाला में शुरुआती चरण में 550 गोवंश के संरक्षण और देखभाल की व्यवस्था की गई है। इसमें चार विशाल शेड, खुले बाड़े, बीमार गोवंश के लिए अलग वार्ड और चारे-पानी की सुविधाएं शामिल हैं। जनसहयोग से 20 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्राप्त हुई, जिसमें नगर निगम, जिला प्रशासन और दानदाताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवंश में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है, इसलिए गौमाता की सेवा और संरक्षण केवल धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने गौशाला के निर्माण और संचालन में योगदान देने वाले दानदाताओं, सेवाभावियों और महाराज अच्युतानंद जी का आभार जताया। यह केंद्र आने वाले समय में गौसेवा और संरक्षण की महत्वपूर्ण पहचान बनेगा। प्रदेश के दुग्ध उत्पादन को लेकर सरकार की प्राथमिकता स्पष्ट करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश फिलहाल देश में दूध उत्पादन के मामले में तीसरे स्थान पर है। सरकार का प्रयास है कि दुग्ध उत्पादन क्षमता बढ़ाई जाए, जिससे किसानों और पशुपालकों की आमदनी में भी वृद्धि हो। देसी गोवंश की नस्ल सुधार और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए आईवीएफ तकनीक से उन्नत नस्ल की बछिया तैयार करने की बड़ी परियोजना को मंजूरी दी गई है।
समाचार
दूध उत्पादन में एमपी बनेगा नंबर वन: CM डॉ. मोहन ने किया ऐलान
9 नवंबर 2026 को 10:21 pm बजे
