नगर पालिका ने कराई खास सजावट, 2 सेल्फी स्टैंड लोगों को आए पसंद
शाहपुरा के बाजार दीपावली के अवसर पर जगमगा उठे। नगर पालिका ने बालाजी की छतरी से लेकर त्रिमूर्ति चौराहे तक मुख्य मार्ग को रंगीन रोशनी और सजावट से नहला दिया। इस दौरान मुख्य मार्ग पर कालीन बिछाए गए और 2 जगहों पर सेल्फी स्टैंड भी लगाए गए, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बने। दीपावली के शुभ मुहूर्त पर लोगों ने विधि-विधान से मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए कामनाएं कीं। पूजा के पश्चात, शहरवासी अपने परिवारों के साथ बाजारों की रौनक और सजावट का आनंद लेने के लिए निकले। नगर पालिका बोर्ड ने शहरवासियों और बाहर से आए आगंतुकों का गर्मजोशी से स्वागत किया। त्रिमूर्ति चौराहे और बालाजी की छतरी पर स्थापित सेल्फी स्टैंड पर शहर के युवाओं और अन्य लोगों ने खूब तस्वीरें खिंचवाईं। नगर पालिका द्वारा की गई सजावट और स्वागत की व्यवस्थाओं की नागरिकों ने मुक्त कंठ से सराहना की। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रमेश सेन, शाहपुरा रिलीफ सोसायटी के अध्यक्ष ठाकुर शक्ति सिंह परिहार, पालिका उपाध्यक्ष इसाक खान कायमखानी, कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव अतुल त्रिपाठी, सुनील मिश्रा और वरिष्ठ पार्षद रचना मिश्रा सहित पालिका बोर्ड के सदस्य मौजूद रहे।



