पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर की गई टिप्पणी के विरोध में भोपाल में प्रदर्शनकारियों ने अखिलेश यादव समेत चार के पुतले जलाए और CM हाउस घेराव की चेतावनी दी
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बयान पर विवाद गहराता जा रहा है। शनिवार को भोपाल के बैरागढ़ में बागेश्वर धाम मंडल और सकल सनातन समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने दिग्विजय सिंह, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, दामोदर यादव और हर्षा रिछारिया के पुतले जलाकर नारेबाजी की। पंडित वृंदावन गर्ग के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि कुछ नेता राजनीतिक फायदे के लिए बागेश्वर धाम और सनातन धर्म को निशाना बना रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने दिग्विजय सिंह के बयान को संतों का अपमान बताया और उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। दरअसल, दिग्विजय सिंह अपनी 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर टिप्पणी करते हुए उन्हें 'मूर्ख' कह चुके हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया था कि वे कब से बाबा बन गए। यह टिप्पणी भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की तुलना को लेकर उठे विवाद के बीच आई थी। इसके बाद बागेश्वर धाम के समर्थकों ने दिग्विजय सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रदर्शन के दौरान महंत रवि पटेरिया ने कहा कि अभी बैरागढ़ से आंदोलन की शुरुआत की गई है। सनातन धर्म और बागेश्वर धाम का विरोध करने वालों के खिलाफ आगे बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। वहीं, पूर्व मंडल अध्यक्ष कमल विधानी ने दिग्विजय सिंह पर सनातन धर्म को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया।

