भोपाल एक बार फिर एशियाई हॉकी के रोमांच और गौरव का साक्षी बनने जा रहा है। यहां महिला एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का आयोजन होगा, जिसमें एशिया की श्रेष्ठ महिला हॉकी टीमें अपना कौशल दिखाएंगी। मध्य प्रदेश के लिए यह केवल अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी नहीं, बल्कि खेल परंपरा और आधुनिक सुविधाओं का वैश्विक प्रदर्शन है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप खेल परिसर, अत्याधुनिक अकादमियां और वैज्ञानिक प्रशिक्षण सुविधाओं का विस्तार किया गया है। इसी कारण मध्य प्रदेश देश के प्रमुख खेल प्रशिक्षण केंद्रों में अपनी पहचान बना रहा है। भोपाल को भारतीय हॉकी की नर्सरी कहा जाता है। यहां का ऐतिहासिक ऐशबाग हॉकी मैदान भारतीय हॉकी की कई यादगार उपलब्धियों का साक्षी रहा है। अहमद शेर खान 1936 के बर्लिन ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम के सदस्य थे। असलम शेर खान ने 1972 के म्यूनिख ओलंपिक में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने 1975 में भारत की पहली हॉकी विश्व कप जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनाम-उर-रहमान 1968 के मैक्सिको सिटी ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली टीम में शामिल थे। भोपाल की हॉकी अकादमी से विवेक प्रसाद और नीलकांत शर्मा जैसे खिलाड़ी निकले हैं। विवेक प्रसाद 2020 के टोक्यो और 2024 के पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली टीम के सदस्य रहे। नीलकांत शर्मा भी 2020 के टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली टीम में शामिल थे। ग्वालियर की महिला हॉकी अकादमी से सुशीला चानू ने 2016 के रियो ओलंपिक में भारतीय महिला टीम की कप्तानी की थी। यह टीम 36 वर्षों के अंतराल के बाद ओलंपिक में लौटी थी।
समाचार
भोपाल में एशियाई हॉकी का महासंग्राम शुरू
14 नवंबर 2026 को 10:41 pm बजे
