भोपाल के यशवंत क्लब में छह भारतीय खिलाड़ी लगातार तीन मुकाबले जीतकर स्टेज-2 में पहुंचे
खिलाड़ियों का शनिवार को भी प्रदर्शन बेहतर रहा। भोपाल के यशवंत क्लब में खेली जा रही आईबीएसएफ वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। क्वालीफाइंग दौर के पहले चरण में छह भारतीय और हांगकांग के दो खिलाड़ी लगातार तीन मुकाबले जीतकर स्टेज-2 में पहुंच गए हैं। इनमें भोपाल के स्थानीय खिलाड़ी पीयूष कुशवाह और कमल चावला भी शामिल हैं। पहले चरण में पीयूष कुशवाह ने अनुराग गिरी को 4-3 से शिकस्त दी। वहीं कमल चावला ने विश्व चैंपियन लक्ष्मण रावत को 4-1 से हराकर अगले चरण में प्रवेश किया। भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ के शताब्दी वर्ष पर मध्य प्रदेश बिलियर्ड्स एवं स्नूकर संघ ने इस चैंपियनशिप का आयोजन किया है। क्वालीफाइंग राउंड में कुल 48 खिलाड़ी मैदान में हैं। दूसरे चरण के मुकाबले देर रात तक जारी रहे। कुवैत के अब्दुल्ला अल-यूसुफ ने अनुराग गिरी को 4-1 से हराया। भारत के दिग्विजय कादियान ने श्रीलंका के ताहा इरशाद को 4-3 से हराकर अगले चरण में जगह बनाई। हांगकांग के फू क्वोक वाई ने भारत के 16 वर्षीय आरव संचेती को 4-0 से हराया। दूसरे चरण में भारत के पारस गुप्ता ने बांग्लादेश के अल्ताफ हुसैन को 4-0 से हराया। हांगकांग के लैंगी रयान ली ने आरव संचेती को 0-4 से मात दी। आठ खिलाड़ी स्टेज-2 में पहुंच चुके हैं, जिनमें छह भारतीय शामिल हैं। मुख्य दौर के मुकाबले 17 नवंबर से शुरू होंगे, जिसमें 24 खिलाड़ी खेलेंगे।
