मांगें न मानने पर पेट्रोल-डीजल सप्लाई बंद करने की चेतावनी दी
रीवा में ट्रक चालकों का 'स्टीयरिंग छोड़ो' आंदोलन गुरुवार देर रात उग्र हो गया। आंदोलन कर रहे चालकों ने डीजल टैंकरों की आवाजाही रोकने के साथ एंबुलेंस, दूध और सब्जी ले जाने वाले वाहनों को भी रोक दिया। इससे जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। चालकों ने चेतावनी दी है कि मांगें न मानने पर पेट्रोल-डीजल की सप्लाई बंद करा देंगे। ऑल इंडिया वाहन चालक कल्याण एकता संगठन के बैनर तले ट्रक चालक ड्राइवर आयोग, ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड और ड्राइवर सुरक्षा कानून बनाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि सड़क हादसों में किसी ड्राइवर की मौत या गंभीर चोट लगने पर उसके परिवार को आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए। चालकों की सामाजिक सुरक्षा और कल्याण के लिए भी ठोस व्यवस्था बनाई जाए। आंदोलनकारियों ने रीवा जिले में डीजल टैंकरों की आवाजाही रोक दी है। उनका कहना है कि पेट्रोल की सप्लाई भी बंद कराई जा रही है। जब तक उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा। जरूरत पड़ने पर चार्जिंग व्यवस्था भी बंद कर दी जाएगी। पेट्रोल-डीजल की सप्लाई बंद होने से वाहनों का संचालन बुरी तरह प्रभावित होगा। ईंधन न मिलने पर वाहन चालकों को गाड़ियां खड़ी करनी पड़ेंगी। इसका असर पूरी परिवहन व्यवस्था पर पड़ेगा। गुरुवार को सतना-रीवा मार्ग पर कारगिल ढाबा के पास भी ट्रक चालकों ने गाड़ियां खड़ी कर प्रदर्शन किया था। इससे सड़क पर आवागमन बाधित हुआ। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने चालकों को समझाइश देकर रास्ता खुलवाया। एडिशनल एसपी भावना मरावी ने बताया कि ट्रक चालकों को समझाइश दी जा रही है। पुलिस की कोशिश है कि स्थिति सामान्य बनी रहे और किसी तरह की अव्यवस्था न हो। मांगें पूरी न होने पर चालकों ने इलेक्ट्रिक चार्जिंग व्यवस्था बंद कराने की भी चेतावनी दी है।
