ठाणे में 50 लोगों को सुरक्षित निकाला गया, उज्जैन में तीन का रेस्क्यू
दिवाली की रात देश के कई राज्यों में आग लगने की घटनाओं ने लोगों को डरा दिया। महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे, नागपुर, नवी मुंबई और पुणे से लेकर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और ओडिशा तक अलग-अलग जगहों पर आग लगी। कई जगहों पर रिहायशी इमारतों में लोग फंस गए, तो कहीं फैक्टरी, गोदाम और शोरूम आग की चपेट में आ गए। इन घटनाओं ने दिवाली की खुशियों को मातम में बदल दिया। ठाणे में आग लगने की एक बड़ी घटना में 50 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। शहर के एक रिहायशी इमारत में लगी आग से लोग फंस गए थे। दमकल विभाग और बचाव दल ने तत्परता दिखाते हुए लोगों की जान बचाई। वहीं, उज्जैन में तीन लोगों को रेस्क्यू किया गया, जहां एक इमारत में आग लग गई थी। नागपुर में पटाखों से आग लगने की घटना सामने आई है, जिससे नुकसान का पूरा ब्योरा अभी मिलना बाकी है। ठाणे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बताया कि राहेजा बिल्डिंग में रात 8 बजे भीषण आग लग गई थी। उन्होंने कहा, "हमारे दमकलकर्मी और टीडीआर (सामरिक आपदा प्रतिक्रिया) टीम ने अदम्य साहस दिखाया। उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों को बचाया और 50 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। " शिंदे ने बताया कि इमारत धुएं से भरी हुई थी और लोग फंसे हुए थे। बचाव दल ने लोगों को छत और सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया। ड्रोन की मदद से आग और फंसे लोगों की स्थिति का पता लगाया गया, जिससे बचाव कार्य आसान हुआ। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। दिल्ली के नरेला औद्योगिक क्षेत्र में एक रबर फैक्ट्री में रात 8 बजकर 33 मिनट पर आग लग गई। सूचना मिलते ही दिल्ली दमकल सेवा ने सात गाड़ियां घटनास्थल पर भेजीं। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने की कार्रवाई की और बाद में आग को बुझाने के बाद ठंडा करने का काम जारी रखा। फैक्ट्री में आग लगने की वजह, नुकसान और किसी के घायल होने के बारे में विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। मध्य प्रदेश के उज्जैन में नागझिरी इलाके में स्थित विश्वकर्मा हार्डवेयर की इमारत में रात करीब 10 बजकर 15 मिनट के बीच आग लगी। जिला कलेक्टर रोशन कुमार सिंह के अनुसार, चार दमकल गाड़ियां तुरंत भेजी गईं।
