उमरिया जिले के होनहार हॉकी खिलाड़ी 18 वर्षीय करण गौतम का चयन भारतीय जूनियर हॉकी टीम के लिए हुआ है। वे नवंबर माह में मिस्र में आयोजित होने वाले जूनियर हॉकी विश्व कप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। करण की इस उपलब्धि ने उमरिया जिले के साथ पूरे शहडोल संभाग का गौरव बढ़ाया है। करण गौतम उमरिया की ज्वालामुखी कॉलोनी निवासी एवं पेशे से शिक्षक अजय गौतम के पुत्र हैं। हॉकी में फॉरवर्ड पोजीशन पर खेलने वाले करण का चयन तीन वर्ष पूर्व मध्य प्रदेश हॉकी टीम के लिए हुआ था। करण भारतीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अंडर-18 एशिया कप एवं यूथ 5एस एशियन चैंपियनशिप में हिस्सा ले चुके हैं। इन दोनों अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। इसके अलावा वर्ष 2022 से 2026 तक मध्य प्रदेश की ओर से सब जूनियर नेशनल हॉकी प्रतियोगिताओं में भाग लेकर राष्ट्रीय स्तर पर रजत पदक भी हासिल किया है। करण गौतम वर्तमान में भोपाल स्थित मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। खेल एवं युवा कल्याण विभाग मध्य प्रदेश शासन के अंतर्गत संचालित इस अकादमी में वे अपने खेल कौशल को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर अभ्यास कर रहे हैं। उनके शानदार प्रदर्शन और उपलब्धियों के आधार पर भारतीय जूनियर हॉकी टीम में उनका चयन हुआ है। उमरिया जिले में हॉकी खेल का इतिहास लगभग 100 वर्ष पुराना है। जिले के अनेक खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर उमरिया को पहचान दिलाई है।
समाचार
उमरिया के करण गौतम भारतीय जूनियर टीम में चयनित
9 नवंबर 2026 को 10:21 pm बजे
