समाचार
Opening page
Preparing your workspace...
आर्थिक तंगी बच्चों की दीपावली की खुशियों में रोड़ा न बने, इस उद्देश्य से सिद्धपुर सेवा भारती समिति, भैरूंदा ने नगर के संस्कार केंद्रों के बच्चों के साथ मिलकर दीपावली का पर्व मनाया। समिति ने चारों संस्कार केंद्रों के बच्चों को दीपावली की आवश्यक सामग्री बांटी। सेवा टोली और स्वयंसेवकों ने बच्चों के घरों तक पहुंचकर उनके अभिभावकों से मुलाकात की और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बच्चों को फुलझड़ियां, मिठाई, दीपक, तेल, बाती और मां लक्ष्मी के चित्र जैसी सामग्री भेंट की गई। इस पुनीत कार्य में सह विभाग संघचालक राजगढ़ बाबू सिंह ठाकुर और खंड संघचालक भैरूंदा बृजमोहन गौड़ भी शामिल हुए। केशव एवं महाकाल बस्ती की शाखाओं के स्वयंसेवकों ने भी इस आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाई। सेवा भारती नगर अध्यक्ष विजेंद्र शर्मा, जिला महिला आयाम प्रमुख राधिका जैमिनी, जिला भजन मंडली आयाम प्रमुख शक्ति शर्मा और सहकोषाध्यक्ष रानी वर्मा ने इस आयोजन में विशेष सहयोग दिया। संस्कार केंद्र की शिक्षिकाओं पूजा बैरागी, ऋषिका श्रोत्रिय, पायल खरे और बबली शर्मा ने भी इस नेक काम में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। बच्चों के चेहरों पर खुशी देखकर समिति के सदस्यों ने संतोष व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने का संकल्प लिया।
इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया