उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में सत्य सनातन ट्रस्ट के नाम से एक बैंक खाते के जरिए करोड़ों रुपये की साइबर धोखाधड़ी के मामले में सिंगरौली जिले से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों में मोरवा के आदर्श नगर निवासी राजेश पोद्दार और बरगवां थाना क्षेत्र के गोदवाली निवासी बब्बू प्रसाद प्रजापति शामिल हैं। सोनभद्र पुलिस ने मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में दबिश देकर इन दोनों को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक कुल आठ आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। ताजा कार्रवाई में पुलिस ने एक हुंडई अमेज कार भी बरामद की है। सोनभद्र पुलिस के अनुसार, वांछित आरोपियों की तलाश में दुद्धी पुलिस और सर्विलांस टीम ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर भोपाल में दबिश दी। 25 अक्टूबर 2026 को रात करीब 8:05 बजे अयोध्या नगर थाना क्षेत्र के सी-सेक्टर तिराहे पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें राजेश पोद्दार और बब्बू प्रसाद प्रजापति के अलावा सतना जिले के निवासी जय कुमार पाण्डेय भी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर सोनभद्र लाया गया, जिसके बाद 28 अक्टूबर को उन्हें न्यायालय में पेश करने के लिए रवाना किया गया। गिरफ्तार राजेश पोद्दार का वर्तमान पता भोपाल के सागर लेक व्यू होम स्थित फ्लैट में दर्ज है, जबकि उसका स्थायी पता मोरवा के आदर्श नगर स्कूल के पास, वार्ड क्रमांक-9 बताया गया है। वहीं, बब्बू प्रसाद प्रजापति का वर्तमान पता भी भोपाल के सागर लेक व्यू होम में दर्ज है। उसका स्थायी पता ग्राम गोदवाली, थाना बरगवां, जिला सिंगरौली है। इन दोनों की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में सिंगरौली जिले से जुड़े संदिग्धों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है। जांच में एक बैंक खाते में लगभग 2.37 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त होने का पता चला।
समाचार
साइबर धोखाधड़ी: यूपी के सोनभद्र से जुड़े दो आरोपी मध्य प्रदेश से गिरफ्तार
29 अक्टूबर 2026 को 10:40 pm बजे

साइबर धोखाधड़ी: यूपी के सोनभद्र से जुड़े दो आरोपी मध्य प्रदेश से गिरफ्तार
