पूर्व अभिनेत्री और मॉडल त्विषा शर्मा की मौत के मामले की सुनवाई भोपाल से दिल्ली स्थानांतरित करने की मांग पर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने सर्वोच्च न्यायालय में अपना जवाब दाखिल कर दिया है। सीबीआई ने आशंका जताई है कि भोपाल में आरोपित गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ का प्रभाव इतना है कि सुनवाई के दौरान गवाहों को प्रभावित कर सकते हैं। त्विषा शर्मा के पिता नवनिधि शर्मा ने याचिका दायर कर केस की सुनवाई भोपाल से दिल्ली स्थानांतरित करने की मांग की थी, क्योंकि उनका तर्क था कि अधिकांश न्यायिक अधिकारी, पुलिस और प्रशासन के अधिकारी आरोपितों के परिचित और पारिवारिक मित्र हैं, जिससे न्याय प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। सर्वोच्च न्यायालय ने 16 अक्टूबर को सीबीआई से जवाब मांगा था। सीबीआई की ओर से पुलिस अधीक्षक राजबीर सिंह ने गुरुवार को इसका जवाब दाखिल कर दिया। जवाब में कहा गया है कि गिरिबाला सिंह भोपाल जिला न्यायालय की प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश रह चुकी हैं। घटना के समय वह भोपाल जिला उपभोक्ता आयोग की अध्यक्ष थीं। आरोपित समर्थ सिंह भोपाल में वकालत करते हैं। इन परिस्थितियों में सीबीआई को आशंका है कि दोनों मुकदमे की कार्यवाही को प्रभावित कर सकते हैं। सीबीआई ने अपने जवाब में जांच के एक तथ्य का हवाला दिया है। इसमें कहा गया है कि गिरिबाला सिंह ने एक्सप्रेशन ब्यूटी पार्लर में अपने लोगों को भेजकर त्विषा के 12 मई को वहां जाने-आने से संबंधित सीसीटीवी फुटेज ले लिए थे। यह घटना सीबीआई द्वारा जांच अपने हाथ में लेने से पहले हुई थी। त्विषा शर्मा की मौत 12 मई 2026 की रात भोपाल स्थित उसकी ससुराल में हुई थी। मामले में दहेज प्रताड़ना सहित अन्य आरोपों के तहत कटारा हिल्स थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई थी।
समाचार
त्विषा केस: सीबीआई ने एससी में कहा- भोपाल में गवाहों को प्रभावित कर सकते हैं आरोपी
29 अक्टूबर 2026 को 10:40 pm बजे

त्विषा केस: सीबीआई ने एससी में कहा- भोपाल में गवाहों को प्रभावित कर सकते हैं आरोपी
साझा करेंWhatsApp
