पुलिस ने झपटमारी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है
खरगोन में बलकवाड़ा पुलिस ने राहगीर से 90 हजार रुपए से भरा बैग झपटने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने वारदात को महंगे शौक पूरे करने के लिए अंजाम दिया। झपटमारी की यह घटना 24 सितंबर की रात करीब 8 बजे हुई। पुलिस ने बताया कि ठीकरी, बड़वानी निवासी एक युवक आनंदबेड़ी से ठीकरी की ओर जा रहा था। बोराड़ नदी पुल के पास दो युवकों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और बैग छीनकर भाग गए। इस बैग में 90 हजार रुपए नकद थे। घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने इरफान और सद्दाम उर्फ भज्जी को हिरासत में लिया। दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है, और उनके खिलाफ पहले से भी मामले दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपियों ने झपटमारी की वारदात कबूल की। उन्होंने बताया कि झपटे गए रुपए उन्होंने बोराड़ नदी पुल के नीचे पत्थरों के बीच छिपा दिए थे।

