राज्यसभा उपचुनाव: कांग्रेस उतारेगी महिला प्रत्याशी, भाजपा के हरदीप सिंह पुरी के खिलाफ मंथन जारी
मध्य प्रदेश में राज्यसभा की एक सीट पर उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। इस घोषणा के बाद कांग्रेस हमलावर हो गई है और हरदीप सिंह पुरी का नाम एपस्टीन फाइल से जोड़ रही है। कांग्रेस अब हरदीप सिंह पुरी के सामने एक महिला उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है। पार्टी नेताओं के बीच इस पर मंथन जारी है और सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस कल तक अपने प्रत्याशी के नाम पर अंतिम मुहर लगा सकती है। कांग्रेस संगठन महासचिव संजय कामले ने बताया कि बीजेपी ने एपस्टीन फाइल से जुड़े व्यक्ति को प्रत्याशी बनाया है, जो आपत्तिजनक है। कांग्रेस अपने महिला चेहरे पर विचार कर रही है। हालांकि कांग्रेस के पास जीत के लिए पर्याप्त संख्या बल नहीं है, फिर भी वह उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 2 नवंबर है। नामांकन पत्रों की जांच 3 नवंबर को होगी, जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि 5 नवंबर है। यदि चुनाव की स्थिति बनती है, तो मतदान 12 नवंबर 2026 को होगा।

