क्षेत्र में तेंदुए का आतंक, किसान सिंचाई से कतरा रहे हैं
पिछले आठ दिनों से क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से किसानों के बीच दहशत का माहौल है। रबी फसलों की सिंचाई का महत्वपूर्ण समय होने के बावजूद, खेतों में तेंदुआ दिखने की खबरों से किसान रात में वहां जाने से कतरा रहे हैं। किसानों का कहना है कि फसल को पानी देना अत्यंत आवश्यक है। जंगली जानवर के हमले के डर से वे खेत तक जाने में हिचकिचा रहे हैं। श्रीपाल वर्मा, महेंद्र वर्मा, राकेश वर्मा, राहुल वर्मा और धर्मेंद्र वर्मा जैसे ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुआ जसमत घाटी से सिद्धिगंज-पार्वती नदी मार्ग तक कई बार देखा गया है। गुरुवार-शुक्रवार की रात जोगनी माता मंदिर के पास एक दूध वाहन चालक के सामने तेंदुआ अचानक आ गया। वाहन चालक ने डर के मारे तेंदुए का वीडियो बनाया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना ने क्षेत्र में चर्चाओं को और तेज कर दिया है। वन विभाग की निष्क्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। लगातार मिल रही सूचनाओं के बावजूद विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे ग्रामीण और किसान बेहद नाराज हैं। किसानों की मांग है कि वन विभाग प्रभावित इलाकों में गश्त बढ़ाए और तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि करे।

