मंत्री ने त्रिनेत्री गौ अभ्यारण्य का शुभारंभ किया
प्रदेश सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि गोमाता किसी पर बोझ नहीं है। गो-संरक्षण और संवर्धन केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। इसके लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। गोसेवकों के साथ आम नागरिक भी गोमाता के संरक्षण और सेवा के लिए आगे आएं। मंत्री पटेल गोवर्धन पूजा के अवसर पर करेली विकासखंड के ग्वारी कला (निवारी) स्थित त्रिनेत्री गौशाला परिसर में आयोजित जिला स्तरीय गौ-पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में उन्होंने और अन्य अतिथियों ने विधि-विधान से गोवर्धन पूजन और गौ-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने त्रिनेत्री गौ अभ्यारण्य का शुभारंभ भी किया। मंत्री पटेल ने कहा कि गोवंश को सड़कों और खुले में निराश्रित छोड़ना बंद करना चाहिए। उन्होंने दमोह का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां पुलिस के माध्यम से घोषणा कराई गई थी कि कोई भी व्यक्ति गोवंश को सड़कों पर नहीं छोड़ेगा। यदि निराश्रित गोवंश मिलता है तो उसे सुरक्षित गौशाला में पहुंचाया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि गौशाला संचालकों के कार्यों में सहयोग करें और अपनी सामर्थ्य के अनुसार भूसा और चारा दान कर गोसेवा में सहभागी बनें। हमें अपने स्वार्थ और लालच से ऊपर उठकर प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाते हुए आगे बढ़ना होगा।

