आधार कार्ड में सुधार के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा
सीहोर प्रधान डाकघर में शनिवार को एक विशेष आधार शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर के माध्यम से नागरिक अपने आधार कार्ड से जुड़े विभिन्न कार्यों का लाभ एक ही छत के नीचे उठा सकेंगे। डाकघर प्रबंधन ने जानकारी दी है कि इस शिविर में बच्चों, महिलाओं और पुरुषों के नए आधार कार्ड पूरी तरह मुफ्त बनाए जाएंगे। इसके साथ ही, जिन नागरिकों को अपने आधार कार्ड में पहली बार सुधार या अपडेशन कराना है, उनसे भी कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। शिविर के दौरान पुराने आधार कार्डों में त्रुटि सुधार और आवश्यक संशोधन की पूरी व्यवस्था रहेगी। इसके अंतर्गत दस्तावेज के अनुसार नाम या जन्मतिथि की स्पेलिंग दुरुस्त कराई जा सकेगी। नया पता या निवास स्थान अपडेट करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। उंगलियों के निशान, आंखों की पुतली का स्कैन और फोटो बदलने का कार्य भी किया जाएगा। प्रधान डाकघर के अधिकारी हेमंत बघेल ने बताया कि इस विशेष शिविर के अलावा अन्य सभी सामान्य कार्य दिवसों में डाकघर में नियमित रूप से सुबह 10.00 बजे से शाम 6.00 बजे तक आधार सेवाएं संचालित की जाती हैं।

