दमोह में बिजली पोल पर केबल में आग
दमोह के नेमीनगर कॉलोनी में शनिवार दोपहर बिजली के पोल में शॉर्ट सर्किट के बाद केबल में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा पोल लपटों से घिर गया। पोल के पीछे रहवासी मकान होने से घरों तक आग पहुंचने का खतरा बढ़ गया। इस घटना से कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे बिजली के पोल पर लगे बॉक्स में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। इसके बाद केबल में आग लग गई। आग ऊपर से नीचे की ओर फैलने लगी और देखते ही देखते पूरा पोल आग की लपटों में घिर गया। आसपास के लोगों ने बिजली कंपनी के कर्मचारियों को सूचना दी। सूचना मिलने के करीब 15 मिनट बाद बिजली कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पहले बिजली लाइन बंद कराई और फिर आग बुझाई। कर्मचारियों ने आग बुझाकर सुधार कार्य शुरू किया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। समय रहते आग पर काबू पाने से आसपास के मकानों को नुकसान होने से बचा लिया गया। स्थानीय लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
