किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली देने की शुरुआत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश और मध्य प्रदेश नई ऊर्जा से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि भारत वैश्विक पटल पर अपनी नई पहचान स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश एक कृषि आधारित राज्य है, जहाँ खेती का आशय केवल कृषि उपज लेना है, वहीं किसानी का मतलब पशुपालन, मत्स्य पालन और उद्यानिकी के माध्यम से माली हालत सुधारना है। हमारी सरकार खेती और किसानी दोनों के विकास के लिए कटिबद्ध है। नदी जोड़ो अभियान जैसे प्रयासों से सिंचाई रकबे के विस्तार को गति दी गई है। किसानों को अब दिन में 10 घंटे बिजली देने की शुरुआत की गई है। किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया गया है। ग्राम पंचायतों में दूध संकलन के लिए दुग्ध सहकारी समितियां गठित की जा रही हैं। प्रदेश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत सभी 55 जिलों में पीएम एक्सीलेंस कॉलेज स्थापित किए गए हैं।
मंडला एवं बालाघाट में भी मेडिकल कॉलेजों का निर्माण किया जा रहा है। मध्य प्रदेश में रोड, रेल और सड़क नेटवर्क तेजी से बढ़ाया जा रहा है। धार और झाबुआ तक रेल लाइन पहुंची है। बाबा महाकाल के महालोक के उद्घाटन के बाद उज्जैन की आर्थिक स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। 2500 करोड़ रूपए की लागत से ओंकारेश्वर कॉरिडोर और 2000 करोड़ रूपए की लागत से चित्रकूट व ओरछा में रामराजा सरकार के मंदिर का कायाकल्प किया जा रहा है।
