जबलपुर पुलिस रेडियो विभाग के एसपी सुनील राजोरे पर एक महिला सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) ने मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने आईजी को लिखित शिकायत में बताया कि राजोरे बिना वजह रोजाना 2 से 3 घंटे मीटिंग लेते हैं। इस दौरान कर्मचारियों के सामने कामचोर, बदमाश और मक्कार जैसे अपशब्दों का इस्तेमाल किया जाता है। महिला का आरोप है कि काम से संबंधित नोटशीट और पत्रों में आपत्तियां लगाने के बाद सुधार कराने पर भी फाइलों पर हस्ताक्षर नहीं किए जाते। इसके बाद स्पष्टीकरण लेकर कभी चेतावनी तो कभी निंदा की सजा दी जाती है। महिला का दावा है कि विभाग के छह कर्मचारी इस व्यवहार से परेशान हैं और उन्होंने पहले भी वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की थी। शिकायत के बाद उनका ही ट्रांसफर कर दिया गया। उन्होंने अधिकारी पर जांच कराने और सेवा से हटाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। महिला के मुताबिक, इससे उनका पारिवारिक जीवन और शासकीय कामकाज दोनों प्रभावित हो रहे हैं। शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि जब वह काम से संबंधित नोटशीट और पत्र लेकर अधिकारी के पास जाती हैं, तो उनमें बिना वजह आपत्तियां लगाई जाती हैं। स्थापना शाखा के प्रभारी को आए दिन छुट्टी पर भेज दिया जाता है और उनका काम भी उन्हें ही करना पड़ता है। महिला ने कहा कि अधिकारी उन्हें बार-बार जांच कराने और सेवा से हटाने की धमकी देते हैं। महिला कर्मचारी ने 20 जून 2026 को वरिष्ठ अधिकारियों को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के बाद कार्रवाई करने के बजाय उनका ही ट्रांसफर कर दिया गया।
समाचार
रेडियो एसपी पर एएसआई के गंभीर आरोप
14 नवंबर 2026 को 10:41 pm बजे

रेडियो एसपी पर एएसआई के गंभीर आरोप
