भोपाल के स्कूलों में शनिवार को बाल दिवस पर उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। कहीं बच्चों ने खुद फूड और गेम्स के स्टॉल लगाकर कारोबार के गुर सीखे। कहीं शिक्षकों ने मंच पर उतरकर गीत-संगीत, डांस और रैम्प वॉक से विद्यार्थियों का मनोरंजन किया। सांदीपनी स्कूल बरखेड़ा और कैम्पियन स्कूल में आयोजित कार्यक्रमों में बच्चों को पढ़ाई के साथ मनोरंजन और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का मौका मिला। महात्मा गांधी शासकीय सांदीपनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बरखेड़ा में बाल मेले का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने फूड और गेम्स के स्टॉल लगाए। बच्चों ने स्टॉल के संचालन से लेकर सामान की व्यवस्था और ग्राहकों से संवाद तक की जिम्मेदारी संभाली। इस गतिविधि से उन्हें फूड एवं हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में उद्यमिता की बारीकियां समझने का मौका मिला। कैम्पियन स्कूल में मेले का आयोजन कक्षा 3 से 8 और कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों के लिए दो अलग-अलग पालियों में किया गया। प्राचार्य सुधाकर पाराशर ने विद्यार्थियों से 21वीं सदी के जरूरी कौशलों पर चर्चा की। उन्होंने रचनात्मकता, प्लानिंग, संसाधनों के प्रभावी उपयोग, टीमवर्क, निर्णय लेने और जोखिम उठाने की क्षमता को महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर उप प्राचार्य पी. विजय कुमार सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम का समापन रेखा पाटीदार के आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। कैम्पियन स्कूल में शिक्षकों ने बाल दिवस पर विद्यार्थियों के लिए खास सांस्कृतिक कार्यक्रम तैयार किया। विद्यालय का सभागार गीत-संगीत और मनोरंजन से गुलजार रहा। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना गीत और पारंपरिक दीप प्रज्वलन से हुई। शिक्षकों ने बॉलीवुड गानों पर समूह नृत्य, एकल प्रस्तुतियां, म्यूजिक मेडली और माइम प्ले पेश कर बच्चों का मनोरंजन किया। समारोह में शिक्षकों की रैम्प वॉक खास आकर्षण रही। मनोरंजक गेम्स और खेल गतिविधियों ने भी बच्चों को खूब उत्साहित किया। शिक्षकों ने अपनी प्रस्तुतियों से बताया कि शिक्षा सिर्फ किताबों और कक्षाओं तक सीमित नहीं है। बच्चों के साथ आत्मीय रिश्ता बनाना और उन्हें खुशी के पल देना भी इसका अहम हिस्सा है।
समाचार
बच्चों ने लगाए स्टॉल, शिक्षकों ने किया रैंप वॉक
14 नवंबर 2026 को 10:41 pm बजे
बच्चों ने लगाए स्टॉल, शिक्षकों ने किया रैंप वॉक
इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया

