हेमंत खण्डेलवाल ने विपणन सीजन वर्ष 2027-28 के लिए सभी रबी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में वृद्धि को केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा मंजूरी दिए जाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने एक बार फिर किसान हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। कृषि क्षेत्र में रबी फसलों की एमएसपी में की गई वृद्धि किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करने के साथ-साथ उनकी मेहनत का सम्मान भी करती है। यह निर्णय किसानों की आय और समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण है। केंद्र सरकार ने उत्पादन लागत पर डेढ़ गुना एमएसपी का संकल्प पूरा किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि इस वर्ष कुसुम की एमएसपी में सर्वाधिक 675 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है। रेपसीड एवं सरसों की एमएसपी में 413 रुपये, मसूर में 390 रुपये, जौ में 136 रुपये, चना में 83 रुपये और गेहूं में 25 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है। नई एमएसपी के अनुसार गेहूं की कीमत 2,610 रुपये, जौ की 2,286 रुपये, चना की 5,958 रुपये, मसूर की 7,390 रुपये, रेपसीड एवं सरसों की 6,613 रुपये तथा कुसुम की 7,215 रुपये प्रति क्विंटल होगी। खण्डेलवाल ने कहा कि हालिया सरकारी विवरण के अनुसार वर्ष 2014-26 के दौरान सभी अधिदेशित एमएसपी फसलों की कुल खरीद 12,819 लाख मीट्रिक टन रही, जबकि वर्ष 2004-14 में यह 6,987 लाख मीट्रिक टन थी। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में किसान कल्याण की दिशा में निरंतर निर्णय लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह वृद्धि देश के करोड़ों किसानों के लिए महत्वपूर्ण निर्णय है। केंद्र सरकार ने वर्ष 2018-19 के केंद्रीय बजट में किए गए उस संकल्प के अनुरूप एमएसपी में वृद्धि की है, जिसके तहत किसानों को उनकी अखिल भारतीय भारित औसत उत्पादन लागत पर कम से कम 50 प्रतिशत का लाभ सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा एमएसपी व्यवस्था में सुधार के साथ-साथ खरीद व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री जी की सरकार में किसानों से एमएसपी पर खरीद में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वर्ष 2014-15 से 2025-26 के दौरान गेहूं की खरीद 3715 लाख मीट्रिक टन तक पहुंची, जबकि वर्ष 2004-05 से 2013-14 के दौरान यह 2254 लाख मीट्रिक टन थी।
समाचार
किसानों के हित में रबी फसलों की एमएसपी में वृद्धि का ऐलान
30 सितंबर 2026 को 11:39 pm बजे
