उज्जैन में सीवरेज की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद महापौर मुकेश टटवाल ने नगर निगम और सीवरेज प्रोजेक्ट के अधिकारियों की बैठक बुलाई। बैठक में महापौर अधिकारियों पर बेहद नाराज दिखे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे अधिकारियों की बातें सुनने के लिए नहीं, बल्कि काम करवाने के लिए बैठक ले रहे हैं। महापौर ने निर्देश दिए कि अधिकारी दफ्तर में बैठकर समीक्षा करने के बजाय फील्ड में जाएं और मौके पर पहुंचकर समस्याओं का समाधान करें। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि आज से सीवरेज की स्थिति में सुधार होना चाहिए। महापौर ने कहा, “मैं तुम्हारी बातें सुनने के लिए नहीं बुलाया, मेरी बात ध्यान से सुनो। मैं जो कह रहा हूं, वह आपको करना है। ” उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि अब सीवरेज संबंधी शिकायतों का समाधान जमीन पर दिखाई देना चाहिए। महापौर ने बताया कि उज्जैन के कई क्षेत्रों से सीवरेज का पानी घरों में वापस भरने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। स्थिति इतनी गंभीर है कि कुछ लोगों ने अपने घरों के पास बने सीवरेज चैंबर और पाइप तक तोड़ दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से सवाल किया कि हाउस कनेक्शन होने के बावजूद सीवरेज का पानी आगे क्यों नहीं पहुंच रहा है। महापौर ने अधिकारियों को मौके पर जाकर कनेक्शनों की जांच करने और समस्या की वास्तविक वजह पता लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने बुधवारिया क्षेत्र की एक गली का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां से फोन आया था कि सीवरेज का पानी भरने के कारण बच्चों की तबीयत खराब हो रही है। महापौर ने कहा कि पार्षदों और नागरिकों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही हैं, लेकिन उनका समय पर निराकरण नहीं हो रहा है। महापौर ने शिकायतों के निराकरण की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
समाचार
उज्जैन में सीवरेज शिकायतों पर महापौर नाराज
29 अक्टूबर 2026 को 10:40 pm बजे
उज्जैन में सीवरेज शिकायतों पर महापौर नाराज
