उज्जैन जिले में 74791 मकान मालिकों की रजिस्ट्री पूरी हुई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को दीपावली के अवसर पर उज्जैन जिले के ग्राम ढेंडिया में 2 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित ग्राम पंचायत भवन सह मैरिज गार्डन का लोकार्पण किया। उन्होंने मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना (स्वामित्व पंजीयन) के तहत उज्जैन जिले के 74791 मकान मालिकों की रजिस्ट्री पूरी करने के साथ ही इस योजना में जिले को प्रदेश में दूसरा स्थान दिलाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उनकी सरकार ग्रामीण पट्टाधारकों के मकानों और प्लॉट की पक्की रजिस्ट्री कर उन्हें वास्तविक भूस्वामी बना रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। ग्राम ढेंडिया की महिलाओं ने वस्त्र उद्योग में सिलाई का काम सीखकर 12 से 15 हजार रुपए महीने कमाने की शुरुआत की है। सरकार का लक्ष्य ग्रामीण महिलाओं और ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाना है। ग्राम पंचायत ढेंडिया में लगभग 5 बीघा क्षेत्रफल में सर्वसुविधायुक्त मैरिज गार्डन का निर्माण किया गया है, जिससे ग्राम पंचायत की आय बढ़ेगी और आमजन को किफायती दर पर सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पहले गांवों में मकानों की कोई कीमत नहीं होती थी, लेकिन अब सरकार ने 10 हजार करोड़ रुपए का बजट रखकर ग्रामीण पट्टेदारों और मकान मालिकों के लिए निःशुल्क रजिस्ट्री की योजना चलाई है। मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के तहत प्रदेश में 50 से 70 लाख पात्र ग्रामीण पट्टेधारियों की संपत्ति की निःशुल्क रजिस्ट्री की जाएगी। इसमें आकर्षक ग्रीन लॉन, छोटा स्विमिंग पूल और भव्य स्टेज की भी व्यवस्था है।
