राजबाड़ा में पीएम ई-बसों के प्रवेश पर रोक, चार पहिया वाहनों का कब्जा
इंदौर के राजबाड़ा क्षेत्र में हाल ही में हुए दर्दनाक पीएम ई-बस हादसे ने स्थानीय प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस को हरकत में ला दिया है। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बस चालक धनराज गांगले के खिलाफ गैरइरादतन हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। राजबाड़ा क्षेत्र में पीएम ई-बसों के प्रवेश पर सोमवार से पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने इस सघन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी परिस्थिति में पीएम ई-बसों को राजबाड़ा के अंदरूनी हिस्से में जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। हालांकि ई-बसों के प्रवेश पर रोक लगने के बावजूद चार पहिया वाहनों ने राजबाड़ा क्षेत्र में कब्जा जमा लिया है।

