ओंकारेश्वर में मुख्यमंत्री डॉ। मोहन यादव ने गुरुवार को 'एकात्म धाम' में भव्य पंचायतन मंदिर का शिलान्यास किया। इस मंदिर का निर्माण भगवत्पाद के युगांतरकारी योगदान को अक्षुण्ण रखने के उद्देश्य से किया जा रहा है। पंचायतन मंदिर का गर्भगृह 'सर्वतोभद्र' शैली में निर्मित है, जिसमें चारों दिशाओं से प्रवेश द्वार होंगे। इस मंदिर के केंद्र में भगवान शिव का मुख्य देवालय होगा, जो प्राचीन पंचायतन शैली पर आधारित है। मुख्यमंत्री ने भारत की दिव्य संन्यास परंपरा के प्रतिनिधियों और विशिष्ट अतिथियों के साथ पूजन किया। इस अवसर पर पूज्य संतों के कर-कमलों से मंदिर निर्माण का पावन शुभारंभ हुआ। मंदिर का बाह्य ऊर्ध्वाधर वास्तु-विन्यास भद्र, कर्ण, प्रतिरथ, देवकोष्ठ और अलंकृत पट्टिकाओं के क्रमबद्ध संयोजन से सजाया गया है। यह मंदिर पारंपरिक नागर शैली में निर्मित किया जा रहा है, जो भारतीय स्थापत्य कला और सांस्कृतिक गरिमा का जीवंत प्रतीक होगा। पंचायतन मंदिर के मुख्य मंडप में 16 फीट का एक विशाल कलात्मक गुंबद होगा, जो मंदिर की भव्यता का मुख्य आकर्षण बनेगा। चारों कोनों पर उप-देवालय स्थापित होंगे, जिनमें भगवान विष्णु, भगवान सूर्य, भगवान गणेश और भगवती शक्ति का स्थान नियत किया गया है।
समाचार
ओंकारेश्वर में होगा भव्य मंदिर का शिलान्यास
27 अगस्त 2026 को 8:30 am बजे
इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया
