कठिन यात्रा पूरी करने वाला नन्हा कदम फिजियोथेरेपी और परिवार के सहयोग से आकाय ने सफलता की ओर कदम बढ़ाया। हर बच्चे के लिए अपने पैरों पर चलना और खेलना सामान्य बात है, लेकिन कुछ बच्चों के लिए यह यात्रा आसान नहीं होती। आष्टा निवासी आकाय पटेल के लिए बैठना, करवट बदलना, घुटनों के बल रेंगना और खड़ा होना भी किसी चुनौती से कम नहीं था। शारीरिक गतिविधियों में कठिनाई और विकास में देरी के कारण आकाय को चलने-फिरने में काफी परेशानी होती थी। हालांकि समय पर मिले उपचार, नियमित फिजियोथेरेपी और परिवार के सहयोग ने उसके जीवन में नई उम्मीद जगाई। आज आकाय स्वतंत्र रूप से चलने में सक्षम है। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत आकाय को जिला अस्पताल, सीहोर स्थित जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र (डीईआईसी) लाया गया। यहां विशेषज्ञों ने उसकी स्थिति का आकलन किया और आवश्यक उपचार तथा पुनर्वास प्रक्रिया शुरू की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुधीर देहरिया के मार्गदर्शन में डीईआईसी की फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. सबा बक्स ने आकाय को नियमित फिजियोथेरेपी और शीघ्र हस्तक्षेप सेवाएं दीं। आकाय को बैठने और खड़े होने का अभ्यास कराया गया। शारीरिक संतुलन सुधारने, मांसपेशियों को मजबूत करने, चलने का अभ्यास कराने, शरीर की सही स्थिति बनाए रखने और अन्य आवश्यक गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान दिया गया। परिवार के सदस्यों को घर पर नियमित व्यायाम कराने तथा समय-समय पर केंद्र पर जाकर अनुवर्ती जांच कराने की सलाह दी गई। नियमित अभ्यास, लगातार उपचार और परिवार के सहयोग का सकारात्मक परिणाम दिखाई देने लगा। धीरे-धीरे आकाय की शारीरिक गतिविधियों में सुधार हुआ और उसने चलने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की। आज वही आकाय, जिसे कभी बैठने और खड़े होने में भी कठिनाई होती थी, अपने पैरों पर स्वतंत्र रूप से चल रहा है। आकाय की उपलब्धि केवल एक बच्चे के चलना सीखने की कहानी नहीं है; यह बीमारी और विकास संबंधी कठिनाइयों की समय पर पहचान, उचित उपचार, नियमित फिजियोथेरेपी और परिवार के धैर्य का सकारात्मक परिणाम है। यह कहानी उन माता-पिता के लिए भी उम्मीद की किरण है, जिनके बच्चे विकास में देरी से जूझ रहे हैं। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम और डीईआईसी जैसी सेवाएं बच्चों को समय पर उपचार और पुनर्वास उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
समाचार
फिजियोथेरेपी और परिवार के सहयोग से आकाय ने चलना सीखा
14 नवंबर 2026 को 10:41 pm बजे
फिजियोथेरेपी और परिवार के सहयोग से आकाय ने चलना सीखा
