लोक शिक्षण संचालनालय ने जारी किया संदेश
मध्य प्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग में शिक्षकों की अटेंडेंस के लिए लागू ई-अटेंडेंस सिस्टम ने शनिवार को एक बार फिर शिक्षकों को परेशान किया। स्कूल का समय खत्म होने के बाद जब शिक्षक ऐप के माध्यम से लॉगआउट करने लगे, तो तकनीकी और नेटवर्क संबंधी समस्याएं सामने आईं। इसके चलते प्रदेश के अनेक शिक्षक निर्धारित समय पर अपनी अटेंडेंस लॉगआउट नहीं कर सके। मामले की जानकारी मिलने के बाद लोक शिक्षण संचालनालय ने संदेश जारी किया। संदेश में कहा गया कि तकनीकी समस्या के कारण शिक्षक ऐप में लॉगआउट नहीं हो पा रहा है। लोक शिक्षण संचालनालय ने कहा कि जिन शिक्षकों ने लॉगइन किया है, वे ऑटो लॉगआउट हो जाएंगे। दरअसल, शनिवार को प्रदेश के अनेक विद्यालयों में शिक्षक ऐप से लॉगआउट करते समय नेटवर्क की समस्या सामने आई। कई विद्यालयों में इंटरनेट नेटवर्क उपलब्ध नहीं था। कुछ स्थानों पर नेटवर्क बेहद कमजोर होने से शिक्षक समय पर लॉगआउट नहीं कर सके। शासकीय शिक्षक संगठन मध्य प्रदेश के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र कौशल ने इस पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि शिक्षक पूरे दिन विद्यालय में उपस्थित रहकर अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे। केवल नेटवर्क या ऐप की तकनीकी खराबी के कारण उनकी उपस्थिति अधूरी मानना न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में शिक्षकों को अनुपस्थित मानना उचित नहीं होगा।
