कैफे में हुई खूनी झड़प, दो गुटों में जमकर मारपीट
नीमच में दिवाली की रात पटाखे फोड़ने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। भरभड़िया चौराहे के पास स्थित 'हाइवे 24×7' होटल-कैफे में रविवार रात दो गुटों के 50 से ज्यादा युवक आमने-सामने आ गए, जिसके बाद जमकर मारपीट हुई। इस हिंसक झड़प में भाजपा नेता मनीष चौरसिया के बेटे ईशान की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, यह विवाद निहाल और रुद्राक्ष के बीच शुरू हुआ था, जिसे शांत कराने के लिए ईशान और मेग जैन पहुंचे थे। देखते ही देखते मामला बढ़ा और दोनों पक्षों के करीब 50 लोग भिड़ गए। मारपीट के दौरान एक युवक को कार से कुचलने की कोशिश भी की गई। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। घायलों में निहाल शर्मा (20) और रुद्राक्ष (25) की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर किया गया है। भाजपा नेता मनीष चौरसिया पूर्व जिला मंत्री और पूर्व मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं। पुलिस के अनुसार, ईशान को कान के नीचे कनपटी में अंदरूनी चोट लगी थी, हालांकि मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

