मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने दीपावली पर्व पर भगवान राम की तपोभूमि चित्रकूट पहुंचकर पवित्र मंदाकिनी नदी में दीपदान किया। उन्होंने प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने चित्रकूट धाम के प्रमुख संतों का सम्मान कर आशीर्वाद प्राप्त किया। समारोह में मुख्यमंत्री ने चित्रकूट धाम से गुप्त गोदावरी तक फोरलेन सड़क निर्माण का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। उन्होंने बच्चों को दीपावली उपहार दिए और मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बने पीपा पुल का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चित्रकूट सहित प्रदेश के धार्मिक स्थलों का विकास कर रही है। उज्जैन के महाकाल लोक की तरह ओरछा में राम राजा लोक और चित्रकूट में भव्य बनवासी राम लोक का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि हम पर्यटन नहीं, तीर्थाटन की भावना से धार्मिक स्थलों का विकास कर रहे हैं। चित्रकूट में भगवान राम ने वनवास का 11 वर्ष से अधिक समय बिताया था। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
समाचार
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने चित्रकूट में मंदाकिनी नदी में किया दीपदान
8 नवंबर 2026 को 8:52 pm बजे
