उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में रैपुरा थाना क्षेत्र के रामनगर कस्बे के पास झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे पर सोमवार तड़के एक भीषण हादसा हुआ। दीपदान मेला में शामिल होने के बाद प्रयागराज लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राली का हिच अचानक टूट गया, जिससे अनियंत्रित ट्राली हाईवे से नीचे उतरकर खाई में पलट गई। इस हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से सात घायलों की हालत गंभीर होने पर सीएचसी रामनगर से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। यह हादसा सोमवार तड़के करीब ढाई बजे हुआ। प्रयागराज जिले के खीरी थाना क्षेत्र के ऊंचा गांव से करीब दो दर्जन श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर शनिवार को चित्रकूट आए थे। इनमें ऊंचा गांव वालों के कुछ रिश्तेदार मध्य प्रदेश के रीवा जिले के रहने वाले भी शामिल थे। रविवार देर रात सभी ने दर्शन और दीपदान किया और वापस प्रयागराज के लिए रवाना हुए। तेज रफ्तार ट्रैक्टर का गुल्ला टूटने से अनियंत्रित ट्राली हाईवे किनारे खाईं में पलट गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई और कई लोग ट्राली के नीचे दब गए। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को भी सूचना दी। पुलिस ने सभी घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से सीएचसी रामनगर पहुंचाया। सीएचसी रामनगर में डॉक्टरों ने चाकघाट निवासी शिवांश, त्रिवेणी, छह वर्षीय नन्हे पुत्र धर्मेंद्र और राधेकृष्ण निवासी ऊंचा गांव को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी रैपुरा राम सिंह ने बताया कि गंभीर रूप से घायल सात लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। चार शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हादसे में मृतकों में तीन लोग मध्य प्रदेश के रीवा जिले के रहने वाले हैं, जबकि एक मृतक प्रयागराज जिले का था।
समाचार
दीपदान लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्राली पलटी, चार मरे
9 नवंबर 2026 को 10:22 pm बजे

दीपदान लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्राली पलटी, चार मरे
